गुशैणी (कुल्लू)। बंजार चनौन सड़क बंद होने से क्षेत्र के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क छह माह से बंद पड़ी है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने अभी तक मार्ग को दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठाई है। सड़क खराब होने से यहां के लोगाें को बस सुविधा से महरूम होना पड़ रहा है। ग्रामीणों को दोगुना किराया खर्च कर छोटी गाड़ियों में अपने घरों के लिए जाना पड़ता है। घाटी के नरोत्तम नेगी, प्यार सिंह नेगी तथा हेमंत शर्मा ने बताया कि बस सिर्फ टीपूधार तक ही जा रही है। मार्ग बंद होने के कारण चनौन तक नहीं जा रही है। इसके चलते चनौन और साथ लगते क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों ने मांग करते हुए कहा है कि अगर विभाग ने जल्द सड़क को दुरुस्त नहीं किया तो लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे। इस मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेश गुलेरिया ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से दिक्कत आई है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को समय पर कार्य पूरा करने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, बस एचआरटीसी के अड्डा प्रभारी बंजार नेत्र सिंह ने बताया कि लोनिवि से क्लीयरेंस मिलने के पश्चात ही बस को चलाया जाएगा।