पलचान (कुल्लू) मनाली के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग में इन दिनों भारी ठंड पड़नी शुरू हो गई है। इसके बावजूद दो सौ के करीब पर्यटक वाहन रोजाना रोहतांग पहुंच रहे हैं। सुबह-सुबह रोहतांग में भारी ठंड के बावजूद सैलानी यहां की हसीन वादियों को निहार कर जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। सुबह और शाम यहां का पारा शून्य के आसपास पहुंच रहा है। पर्यटकों को बर्फ का दीदार करने के लिए सड़क से लगभग एक किमी का सफ र तय करना पड़ रहा है। कई सैलानी बर्फ तक पहुंचने लिए घोड़े पर सवार होकर जा रहे हैं। रोहतांग में फोटोग्राफ र कमलेश, राजीव तथा हरनाम ने बताया कि इन दिनों पर्यटक कम संख्या में आ रहे हैं लेकिन यहां के सुंदर दृश्यों को हर कोई सैलानी इन्हें कैमरे में कैद करना नहीं भूल रहा है। टैक्सी चालक नरेंद्र, विश्वनाथ और विक्कू ने बताया कि इन दिनों कम टैक्सियां रोहतांग की ओर जा रही हैं। लेकिन फिर भी दो सौ से अधिक वाहन अब भी रोहतांग पहुंच रहे हैं। उधर, मनाली के होटल कारोबारियों को दिवाली में बेहतर काम चलने की उम्मीद है।