कुल्लू। जिले के वाहे में चोरों ने दुकान के लॉकर से चालीस हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे 26 हजार रुपये भी रिकवर कर लिए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिला कुल्लू के वाहे के राम कृष्ण ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उन्होंने कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक से चालीस हजार रुपये निकाले थे, जिन्हें उन्होंने अपनी दुकान के लॉकर में रखा था। लेकिन कुछ देर बाद लॉकर से 40 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस को दिए अपने बयान में राम कृष्ण ने हीरा सिंह नाम के व्यक्ति पर राशि चोरी करने का संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने हीरा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने मान लिया कि उसने ही दुकान के लॉकर से पैसा उड़ाया है। आरोपी के पास से पुलिस को 26 हजार रुपये बरामद भी हो गए। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है।
बंजार में महिला और व्यक्ति से मारपीट
कुल्लू। बंजार में एक महिला और एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का मामले सामने आया है। पुलिस के अनुसार बंजार की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह अपने कमरे में थी तो उस दौरान तीन व्यक्तियों ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खोला तो उन्होंने गालीगलौज किया और मारपीट की। दूसरे मामले में तुले राम नाम के एक व्यक्ति ने भी शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह घर से बंजार की ओर आ रहा था तो पुराने बस अड्डे के पास दो व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।