खराहल। क्षेत्र के आराध्य देवता ज्वाणी महादेव के मंदिर स्थित न्योली में शुक्रवार को रुद्राभिषेक यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर कमेटी की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। देवता के कारदार ओमप्रकाश महंत ने समस्त देवलुओं को इस मौके पर मंदिर में सेवा देने का आदेश दिया है।
एक अगस्त को मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यज्ञ का शुभारंभ देवता के पंडित महेश शर्मा के अलावा दो और विद्वान पंडित वैदिक मंत्रोच्चारण करेंगे। पूजा-पाठ और जाप का सिलसिला तीन दिन तक मंदिर में निरंतर चल रहा है। शनिवार की रात को मंदिर में श्रद्धालुओं और भक्तों द्वारा भजन का आयोजन भी किया जाएगा। देवता के कारदार ओमप्रकाश महंत ने बताया कि रविवार की सुबह पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में कन्याओं का देवविधि के अनुसार पूजन किया जाएगा। इसके बाद पूर्णाहुति के साथ यज्ञ संपन्न हो जाएगा। इसी दिन मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर घाटी के दूरदराज के गांवों के लोग देवता के मंदिर में पहुंच कर माथा टेक कर आशीर्वाद लेकर खीर और अन्य पकवानों का प्रसाद ग्रहण करेंगे। घाटी के गांव न्योली, थरमाण, ज्वाणी, जगोट, वराधा, शांगरीबाग, प्रेमगढ़ और ज्वाणी रोपा के ग्रामीण मंदिर में सेवा देने पहुंचेंगे। पंचायत न्योली के उपप्रधान विशाल महंत, पुजारी लालचंद, पूर्व उपप्रधान भूपेंद्र ठाकुर, वार्ड पंच पूर्णचंद, सतीश महंत, गुलवदन महंत, रामनाथ आदि ने बताया कि हर साल मंदिर में यज्ञ को देवलु उत्साह के साथ निभाते हैं।