मनाली। मनाली घाटी के नग्गर सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा दी गई है। नग्गर और कटराईं इलाकों के लोगों को अब बार-बार के विद्युत कटों से परेशान नहीं होना पड़ेगा। क्षेत्र के लोग कई सालों से विद्युत आपूर्ति को लेकर समस्या झेल रहे थे। अब ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर और अधिशासी अभियंता वीएस ठाकुर के प्रयासों तथा सहायक अधिशासी रूम सिंह ठाकुर, देवेंद्र कौंडल तथा कनिष्ठ अभियंता ज्ञान चंद, लाल चंद, नील चंद, सुख चंद और प्रकाश की देखरेख में सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के कार्य को अंजाम दिया गया। ट्रांसफार्मर की क्षमता अढ़ाई से पांच मेगावाट कर दी है।
सहायक अधिशासी अभियंता नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि क्षमता बढ़ने से विद्युत उपमंडल नगर के अरछंडी, हीरनी, लरांकेलो, नशाला, घुड़दौड़, नग्गर, जाणा, रुमसू, चिचोगी, हलाण-एक, छाकी, सरसेई, हरिपुर, बटाहर, करजां, गोजरा और सजला में बिजली कट लगने की समस्या हल हो गई है। इसी तरह विद्युत उपमंडल कटराईं के रायसन, पतलीकुहल, डोभी, नंगबाग, वैंची, रियाड़ा, पनगां, फोजल, सेगली, सकेरी और बड़ाग्रां आदि क्षेत्रों के 15 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।