कुल्लू। सूत्रधार कला संगम की 35वें वर्षगांठ उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में भारतीय संस्कृति के रंग भर दिए। लोकनृत्य प्रतियोगिता में जहां कुल्लू की संस्कृति के दीदार हुए वहीं हरियाणा, पंजाब की संस्कृति से भी दर्शकों को रूबरू होने का मौका मिला। अरुणोदय स्कूल के हरियाणवी नृत्य पर दर्शक झूम उठे।
कार्यक्रम का आगाज वाद्यवृंद प्रतियोगिता के साथ हुआ। इसमें साइंस स्कूल आफ एजूकेशन कुल्लू, होली ऐंजल स्कूल शमशी, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल मौहल की प्रस्तुति शानदार रही। फिल्मी गीत स्पर्धा में आर्य आदर्श स्कूल बाशिंग की पूर्ण देव और संगीता ने तेरे नाल लव हो गया..गीत पेश कर समां बाधा।
सरस्वती विद्या मंदिर बाशिंग की अदिति कपूर ने सत्यम शिवम सुंदरम...नगमा पेश किया। आर्कएंजल स्कूल के पंकज ने चला जाता हूं किसी की धुन में...गीत गाया। भारत-भारती स्कूल की दीपांजली ने प्रीतम की लत मोहे..गीत गाकर वाहवाही लूटी। लोकनृत्य प्रतियोगिता के तहत अरुणोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल का हरियाणवी नृत्य शानदार रहा। हरियाणा की संस्कृति को दर्शाने वाले नृत्य को देख दर्शक थिरकने पर विवश हुए। साइंस स्कूल आफ एजूकेशन और सीसे ढालपुर ने कुल्लवी
नाटी पेश की। फिल्म डांस स्पर्धा में सीसे मौहल के विद्यार्थियों ने डोला रे डोला रे डोला..गीत पर डांस किया जबकि पिडमाउंट स्कूल ने पंजाबी नृत्य पेश किया। आर्य आदर्श बाशिंग ने दम मारो दम पर शानदार प्रस्तुति दी।