कुल्लू। जिले में 18 से 44 साल तक के लोगों की वैक्सीनेशन का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। अभियान के तीसरे दिन 70 स्वास्थ्य केंद्रों में 9539 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। शहर में स्लॉट बुकिंग, जबकि ग्रामीण इलाकों में पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर टीका लगाया गया।
वैक्सीनेशन के अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग ने 6359 के लक्ष्य के मुकाबले 9539 लोगों का टीकाकरण किया। तीन दिनों में स्वास्थ्य विभाग ने 20 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था, जिससे कहीं अधिक विभाग ने 22798 लोगों को कोरोना टीका लगाया है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिन 5925, दूसरे दिन 7515 लोगों को टीका लगा था। वैक्सीन लगाने को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी क्षेत्रों की बजाय अधिक वैक्सीनेशन हुई। कई लोग सुबह दस बजने से पहले ही वैक्सीनेशन केंद्रों तक पहुंच गए थे। सामान्य व्यवस्था के चलते लोगों को अधिक परेशानी नहीं हुई। वैक्सीनेशन केंद्र में पंजीकरण करने के बाद उन्हें वैक्सीन की पहली डोज प्रदान की गई। स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभाग की ओर से टीमें तैनात की गई थीं। उधर, इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने सरकार की ओर से दिए गए लक्ष्य को हासिल कर लिया है। वैक्सीनेशन अभियान के तीसरे दिन रिकॉर्ड 9358 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। लोग वैक्सीन लगाने के लिए आगे आ रहे, जो अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि 45 से अधिक आयु वालों के लिए वैक्सीनेशन जारी रहेगी। लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आएं।