कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के लिए 1,494 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि एनएचएम के तहत जारी यह बजट प्रदेश के सभी 12 जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इस राशि से अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अखिलेश कपूर ने बताया कि बजट में कुल्लू जिले के लिए 93.07 करोड़ रुपये और लाहौल-स्पीति के लिए 25.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से दोनों जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधाएं मिलेंगी। संवाद