स्वार। अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने पॉलिथीन के खिलाफ नगर में अभियान चलाया ।इस दौरान दो फल विक्रेताओं को प्रतिबंध के बाद भी पॉलिथीन का प्रयोग करते हुए पकड़ लिया गया और उनके पास मिली पॉलिथीन को कब्जे में कर दोनों फल विक्रेताओं से दो हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गईं।
प्रदेश सरकार ने पालिथीन पर प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन दुकानदार गुपचुप तरीके से पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं। जबकि पालिका प्रशासन द्वारा कई बार अभियान चलाकर दुकानदारों से पॉलिथीन जब्त कर कार्रवाई की चेतावनी दी जा चुकी है। बुधवार को अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा ने पालिका कर्मी व पुलिस बल को साथ लेकर स्वार बिलासपुर मार्ग पर पॉलिथीन की धरपकड़ को अभियान चलाया। इस दौरान बिलासपुर तिराहे पर नगर के मोहल्ला स्वार खास निवासी शकील और शन्नू आम के ठेले पर पॉलिथीन का प्रयोग करते पकड़े गए ।अधिशासी अधिकारी ने दोनों फल विक्रेताओं के पास से 200 ग्राम पालिथीन को जब्त कर लियाऔर दोनों पर एक- एक हजार का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई की भनक जैसे ही अन्य दुकानदारों ,फल एवं फड़ विक्रेताओं को लगी तो उनमें हड़कंप मच गया और उन्होंने दुकान पर मौजूद पॉलिथीन को गायब कर दिया । अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा ने बताया कि पॉलिथीन के प्रयोग को रोकने के लिए लगातार दुकानों पर छापा मार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने फल विक्रेताओं और दुकानदारों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने का आह्वान किया ।