समर सीजन में हिमाचल की लोक
संस्कृति से रूबरू होंगे पर्यटक
पांच दिनों तक मनु रंगशाला और मॉल रोड में होंगे कार्यक्रम
हर दिन दो जिलों के सांस्कृतिक दल देंगे प्रस्तुति
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। विंटर कार्निवाल की तरह समर सीजन में इस बार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई पहल की जा रही है। समर सीजन में पर्यटकों को लोक संस्कृति से रूबरू करवाया जाएगा। इसके लिए पांच दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नाम अभी तक प्रशासन की तरफ से फाइनल नहीं किया गया है।
विंटर कार्निवाल की तर्ज पर मुन रंगशाला और मॉल रोड पर हिमाचली लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटन सीजन के के आगाज के साथ यह कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। टूरिज्म डवेल्पमेंट काउंसिल और जिला सांस्कृतिक परिषद के सहयोग से यह कार्यक्रम करवाया जाना प्रस्तावित है। नॉर्थ जोन कल्चरल काउंसिल को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है। हिमाचली लोक संस्कृति में लोक नृत्य, गीत, खानपान और पहनावा समेत अन्य चीजों से पर्यटकों को रूबरू होने का मौका मिलेगा। हिमाचल की समृद्ध संस्कृति को पर्यटकों के समक्ष रखा जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हर दिन दो जिलों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देंगे और लोक संस्कृति का बखान करेंगे। समर सीजन में इस तरह का कार्यक्रम अभी तक नहीं होता था। हालांकि विंटर सीजन में पर्यटकों को रिझाने के लिए कई प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं। देशभर से नामी टीमें मुकाबले को मनाली पहुंचती हैं। विंटर क्वीन मुख्य स्पर्धा रहती है। विंटर कार्निवाल के लिए कुल्लू जिला की संस्कृति से ही पर्यटक रूबरू हो पाता है लेकिन समर सीजन में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के हर जिला की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
वहीं इस संबंध में डीसी युनूस ने बताया कि समर सीजन के आगाज के बाद पर्यटकों को हिमाचल की लोक संस्कृति से अवगत करवाने के लिए पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाने की योजना है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।