कुल्लू। धार्मिक नगरी मणिकर्ण व पर्यटन स्थली कसोल में चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को मणिकर्ण पुलिस ने कसोल के कैंपिंग साइट में दो युवकों को चोरी करते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से चोरी किए गए तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार धार्मिक नगरी मणिकर्ण व कसोल इलाके में पिछले तीन माह से चोर का एक गिरोह सक्रिय है और गिरोह की मणिकर्ण व कसोल सहित घाटी के तमाम कैंपिंग साइटों में सबसे अधिक नजर रहती थी। मंगलवार को पुलिस की टीम ने दोनों युवकों को कसोल की कैंपिंग साइट में दबोचा है और तीन मोबाइल फोन भी उनके कब्जे से मिले हैं। पुलिस ने 19 वर्षीय विशाल तथा 20 वर्षीय अमन निवासी सुंदरनगर को गिरफ्तार किया है। इसमें एक युवक आईटीआई का छात्र बताया जा रहा है।
मणिकर्ण चौकी प्रभारी नंद लाल ठाकुर ने कहा कि पुलिस पूछताछ में युवाओं ने कहा कि वह तीन माह से घाटी में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। उन्होंने कई मंहगे कैमरे चोरी किए हैं और उनके तीन चार और साथी भी हैं जो अलग-अलग जगहों पर चोरी करते हैं। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि चोर गिरोह के अन्य साथियों को धर दबोचा जाएगा। इसके लिए पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी है।