केलांग (लाहौल-स्पीति)। केलांग-लेह सामरिक मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। अब आगामी छह महीनों तक कोई पर्यटक लेह नहीं जा सकेंगे। ताजा हिमपात के बाद शिंकुला दर्रा होकर जंस्कर को जाने वाली सड़क मार्ग भी बंद हो गया है। बीआरओ से मिली सूचना के मुताबिक शिंकुला ओर बारालाचा दर्रे में करीब आधा फुट बर्फ गिरी है।
बताया जा रहा है कि बर्फबारी से पहले जो पर्यटक वाहन मनाली से लेह की तरफ रवाना हुए थे। वह सभी लद्दाख क्षेत्र में फंस गए हैं। बीती रात रोहतांग दर्रा में 4 इंच, ग्रांफू में 2 इंच बर्फ गिरी है। जबकि शिंकुला और बारालाचा में करीब आधा फुट हिमपात होने की बीआरओ ने पुष्टि की है। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए डीसी लाहौल स्पीति देवा सिंह नेगी ने एडवाइजरी जारी करते हुए रोहतांग और बारालाचा दर्रे की तरफ सफर करने वाले यात्रियों को आगाह किया है।
उन्होंने कहा कि ताजा बर्फबारी के बाद इस रूट पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। मौजूदा हालात को देखते हुए अब बीआरओ केलांग-लेह मार्ग से बर्फ नहीं हटाएगा। बीआरओ के कमांडर कर्नल एके अवस्थी ने बताया कि बर्फबारी को देखते हुए केलांग-लेह मार्ग से अब बर्फ को नहीं हटाया जाएगा। वहां पर अब दिन के समय भी तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे चल रहा है। लिहाजा उन क्षेत्रों से बीआरओ ने जिंगजिंगवार, सरचू, बारालाचा और भरतपुर से अपना अस्थायी कैंप भी हटा लिया है। रोहतांग होकर एचआरटीसी बस सेवाएं बंद होने पर अब यातायात का दारोमदार टैक्सी सेवाओं पर है। टैक्सी ऑपरेटर प्रति सवारी सात सौ रुपये वसूलते हैं। मनाली से रोहतांग होकर टैक्सी से यात्री केलांग पहुंच सकते हैं। हालांकि भारी बर्फबारी के दौरान टैक्सी सेवाएं भी बंद रहती हैं।