अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बैठक रविवार को हुई। इसकी अध्यक्षता प्रांत संगठन मंत्री कौल नेगी ने की। इस दौरान युवा मतदाता जागरण अभियान को लेकर चर्चा की गई। प्रांत संगठन मंत्री कौल नेगी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में फीस वृद्धि ने आम विद्यार्थियों को पढ़ाई से वंचित कर दिया है। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर भी युवाओं के साथ मजाक किया गया है।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य है। इसलिए युवा अपने मत का सही जगह इस्तेमाल करें। आपका एक वोट राजनीति में फैले भ्रष्टाचार को खत्म कर सकता है। उन्होंने जिला के युवा मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल बनाने तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट जरूर करें।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक राकेश ने कहा कि 2 से 4 नवंबर तक जिला में युवा मतदाता जागरण अभियान छेड़ा जाएगा। 2 को मनाली, हरिपुर, नग्गर, पतलीकूहल, 3 को कुल्लू से भुंतर, बजौरा पनारसा, लारजी, सैंज जबकि 4 नवंबर को बालीचौकी, बंजार, गुशैणी, जिभी में युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान जिला विभाग के निहाल, कुल्लू महाविद्यालय इकाई के पूर्व अध्यक्ष विकास भल्ला, अनिल ठाकुर आदि मौजूद रहे।