कुल्लू। राहगीर और स्कूल व कॉलेज में अध्ययनरत लड़कियों से छेड़छाड़ और गंदे कमेंट करने वाले लोगों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इव टीजिंग का शिकार होने वाली लड़कियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस थाना कुल्लू नजर रखेगा और जल्द ही इसको निपटने के लिए एक पुलिस टीम का भी गठन किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्रिहोत्री ने कहा कि कुल्लू कॉलेज, ढालपुर चौक, ढालपुर मैदान, मौहल आदि जगहों का चयन कर दिया है लेकिन पुलिस इस तरह के अन्य स्थानों को भी चिन्हित कर रही है। जिला के सबसे बड़े कुल्लू कालेज में भी बाहरी युवाओं के प्रवेश तथा उनकी हर गतिविधियां पुलिस की नजर में होगी। पुलिस ऐसा वातावरण चाहती है जिसमें लड़कियों से छेड़छाड़ न हो और वह बिना किसी डर से स्कूल-कालेज व अन्य जगहों पर आ जा सकें। कुल्लू कालेज और मौहल में शैक्षणिक संस्थानों के होने से यहां इस तरह की वारदातें अधिक पेश आती है। गत दिन कुल्लू कालेज में बाहरी युवाओं की एंट्री से एक बाइकर द्वारा स्टंट करने से एक छात्रा को गंभीर चोट भी पहुंची थी। पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि ईव टीजिंग को लेकर पुलिस गंभीर है और इस तरह के मामलों को महिला थाना कुल्लू देखेगा और जल्द ही एक टीम का भी गठन किया जाएगा। शहर में इस तरह के संवेदनशील जगहों पर महिला पुलिस का दल समय-समय रेड कर ऐसे लोगों पर शिकंजा कसेगी।