बंजार/सैंज/लारजी (कुल्लू)। बंजार भाजपा विस की परिवर्तन रथयात्रा सोमवार को लारजी से शुरू हुई। इस दौरान सैंज में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद एंव पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि जनता उसे वोट दे जो सता संभाल सके। कांग्रेेस किस मुंह से वोट मांगेगी और जनता किसको वोट देगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खुद भ्रष्टाचार में फंसे हैं। उन पर भ्रष्टाचार के कई केस दर्ज हुए हैं और वह कभी भी जेल जा सकते हैं।
शांता कुमार ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। जिसका परिणाम भाजपा की चल रही परिवर्तन रथयात्रा में लोगों की उमड़ रही भारी भीड़ है। ऐसे में साफ होता है कि लोगों का कांग्रेस से मन भर गया है। सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रदेश में आगामी विस चुनावों में भाजपा की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी। उन्होंने इस दौरान मोदी सरकार के उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा। राम स्वरूप ने कहा कि जो भी कार्य यहां अधूरे रहे हैं वह सब दो साल के भीतर पूर्ण किए जाएंगे। पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा ने कहा कि कुल्लू घाटी में चार विधान सभा की सीटे हैं जो सभी भाजपा की झोली में होगी। इसके अलावा सदर विधायक महेश्वर सिंह ने भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले विस चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा ने कहा कि मोदी सरकार अच्छा काम कर रही है और अब प्रदेश में कमल खिलेगा। सैंज से भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा लारजी होते हुए बंजार पहुंची जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर विधायक जय राम ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री शिशु भाई धर्मा, जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा, जिप अध्यक्षा रोहिणी चौधरी, जिप सदस्य सुरेंद्र, हितेश्वर सिंह, भाजयुमो अध्यक्ष रविंद्र पाल रब्बू, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बनवारी लाल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष चुनी लाल ठाकुर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।