कुल्लू। दशहरा उत्सव में ऐतिहासिक लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र के मंच तक पहुंचने के लिए जिले के कलाकार ऑडिशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। दो दिनों में अपनी किस्मत आजमाने के लिए 135 कलाकारों ने प्रस्तुति दी। सोमवार को पहले दिन 50 कलाकारों ने प्रस्तुति दी जबकि दूसरे दिन मंगलवार को 85 कलाकारों ने अपनी किस्मत आजमाई। जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बताया कि ऑडिशन प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक चलेगी।
इसके अलावा 13 अक्तूबर को आनी, निरमंड के कलाकारों के लिए अलग से ऑडिशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी जो आनी में होगी। जिला मुख्यालय कुल्लू में चल रही ऑडिशन प्रक्रिया में जिला कुल्लू से संबंध रखने वाले कलाकारों के ऑडिशन लिए जा रहे हैं। उसके बाद नौ और दस अक्तूबर को जिले के बाहर से आने वाले कलाकारों के लिए ऑडिशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। देवसदन कुल्लू में मंगलवार को खूब चहल-पहल रही और जिलेभर से कलाकारों ने ऑडिशन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कलाकारों में किसी ने पहाड़ी गीत तो किसी ने फिल्मी और पंजाबी गीत पेश किए। संवाद