अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। बीआरओ ने बुधवार दोपहर बाद उदयपुर-तांदी सड़क को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है। सड़क बहाल होने से पट्टन समेत उदयपुर क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिली है। अब चुनाव आयोग की टीम भी पट्टन घाटी का दौरा कर पोलिंग बूथों का जायजा ले पाएगी। बीआरओ के 94 आरसीसी ने दावा किया है कि जल्द ही तांदी-संसारी सड़क बहाल कर लाहौल को जम्मू-कश्मीर से जोड़ा जाएगा। इस मार्ग के खुल जाने से घाटी में सब्जी और अन्य जरूर अन्न की आपूर्ति संभव हो पाएगी।
पिछले करीब साढ़े तीन महीनों से दुनिया से कटे इस इलाके के लोग सब्जी खाने से महरूम हैं। कई दुकानों में आटा और नमक की कमी चल रही है। लेकिन बीआरओ के 70 आरसीसी की मशीन छुरपक पेट्रोल पंप से महज एक किमी आगे पहुंची है। लिहाजा पूरी चंद्रा वैली का संपर्क अभी भी कटा हुआ है। उदयपुर-तांदी सड़क बहाल होते ही बुधवार को एसडीएम उदयपुर और लोनिवि के एक्सईएन केलांग पहुंचे। यह मार्ग जनवरी माह में भारी बर्फबारी के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया था। 94 आरसीसी के ओसी मेजर हरीश बाबू ने बताया कि बुधवार को उदयपुर-तांदी सड़क वाहनों के लिए बहाल कर दी है। तांदी-संसारी सड़क को जल्द बहाल कर लाहौल को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से जोड़ा जाएगा। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी ने बताया कि सड़क बहाली के बाद शांशा और बारिंग दूरभाष को भी जल्द सुचारु कर दिया जाएगा।