मनाली (कुल्लू)। पुलवामा हमले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। जगह-जगह लोगों का गुस्सा फूट रहा है। पर्यटन नगरी मनाली में शुक्रवार दोपहर बाद बर्फबारी और बारिश के बीच व्यापार मंडल, टैक्सी ऑपरेटर, होटेलियर एसोसिएशन, नगर परिषद और अन्य यूनियन सहित स्थानीय जनता ने रामबाग से माल रोड होते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद, हिंदुस्तान जिंदाबाद, इंडियन आर्मी जिंदाबाद के नारे लगाए।
लोगों ने प्रधानमंत्री से पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। कैंडल मार्च रामबाग से होते हुए मॉलरोड आईबेक्स चौक और रामबाग तक किया गया। सैकड़ों लोगों ने शहीद हुए जवानों को दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसमें खास यह रहा कि कैंडल मार्च का काफिला माल रोड पर पहुंचा तो पर्यटक भी इसमें शामिल हुए और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। नप के पूर्व अध्यक्ष परवीन फैके और पूर्व नप पार्षद चंद्रा ने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों की शहादत के बदले दूसरी बार सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को सबक सिखाना जरूरी है।