अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में ट्रैकिंग सीजन के लिए विदेशी सैलानी पहुंचने शुरू हो गए हैं। ट्रैकिंग सीजन के चलते मनाली के पर्यटन कारोबारियों ने भी राहत की सांस ली है। सैलानी ट्रैकिंग एजेंसियों के माध्यम से घाटी के ट्रैकिंग रूटों पर कदमताल कर रहे हैं। हालांकि मनाली में एक या दो दिन का ठहराव हो रहा है। इसके बावजूद होटल कारोबारियों में खुशी है। जुलाई से मनाली का पर्यटन कारोबार सिमट गया है। ऐसे में होटलों की आक्यूपेंसी मात्र 15 प्रतिशत तक ही चल रही है। ट्रैक इंडिया मनाली के निदेशक चंदन शर्मा ने बताया कि विदेशी सैलानी ट्रैंकिंग करना अधिक पसंद करते हैं। वे ट्रैकिंग एजेंसियों की ओर से बताए गए रूटों पर ट्रैकिंग के लिए निकल रहे हैं। हिमालयन ऐडवेंचर के एमडी रूप चंद नेगी ने बताया कि हर वर्ष लाखों विदेशी ट्रैकिंग के लिए मनाली आते हैं। उन्होंने कहा कि घाटी में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों का संबंधित ट्रैकिंग एजेंसियों को पंजीकरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसको लेकर सभी ट्रैकिंग एजेंसियों को रखने की जरूरत है। अमेरिका से आए रिचर्डसन ने बताया कि उन्हें मनाली में आए दो दिन का समय हो गया है और वह एक सप्ताह के चंद्रताल ट्रैक रूट पर हामटा पास होकर लेह के लिए रवाना होंगे। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने सभी ट्रैकिंग एजेंसियों से ट्रैकिंग पर निकलने वाले सैलानियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा है।