अमर उजाला ब्यूरो
सैंज (कुल्लू)। बंजार कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष महेश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को सैंज में डॉक्टरों की कमी को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अनदेखी पर 24 अगस्त से अनशन करने की चेतावनी दी गई है।
घाटी की 15 पंचायतों को सीएचसी सैंज की सेवाएं मिलती हैं। लेकिन इन दिनों यहां डॉक्टरों की भारी कमी चल रही है। इस पर शुक्रवार को जनता के साथ कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता महेश शर्मा ने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। कहा कि विधायक सुरेंद्र शौरी को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए। लेकिन वह सोशल मीडिया में ही व्यस्त रहते हैं। जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तेजा ठाकुर ने कहा कि घाटी की महिलाओं व बुजुर्गों को उपचार के लिए 50 किलोमीटर दूर कुल्लू अस्पताल जाना पड़ रहा है। महेश शर्मा ने कहा कि 14 दिनों के अल्टीमेटम के बावजूद अनदेखी करने पर अनशन शुरू किया जाएगा। कहा कि सीएचसी में नए भवन को बेड सहित चालू किया जाए और डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाए। इस दौरान बंजार कांग्रेस के महामंत्री मोती राम पालसरा, बंजार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जय बिहारी लाल, बंजार कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर, जिला सेवा दल के अध्यक्ष लाल सिंह, कृष्ण चौधरी, विजय कुमार, यशपाल सिंह, सुरेश कुमार, शेर सिंह, प्रदीप कुमार, नारायण सिंह, राजकुमार, मनोज कुमार, सेस राम, दुनी चंद, दिले राम, रामशरण, खेम राज, कहर सिंह, सुभाष चंद, प्रकाश, डोले सिंह, बबलू कुमार, चुनी लाल व अन्य मौजूद रहे।
सरकार से उठाया है मामला : शौरी
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सीएचसी सैंज में डॉक्टरों की कमी का मामला सरकार के समक्ष उठाया है। नए भवन की सुविधा के लिए प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जनता की मांग को जल्द पूरा किया जाएगा। यह धरना मात्र जनता को गुमराह करने वाला है। अस्पताल में एक आयुर्वेदिक, एक स्थायी डॉक्टर व एक डेंटिस्ट सेवाएं दे रहे हैं।
पांच करोड़ के भवन में बिजली-पानी कनेक्शन नहीं
सैंज सीएचसी में कुल तीन डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं। इनमें से एक डॉक्टर का पद खाली है। करीब पांच करोड़ रुपये से सीएचसी भवन बना हुआ है। लेकिन अभी तक इसमें बिजली व पानी का कनेक्शन नहीं है। हालांकि दिन के समय ओपीडी नए भवन में लगाने के आदेश दे दिए हैं।
सैंज सीएचसी में एक डॉक्टर का पद खाली चल रहा है। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है। भवन में बिजली व पानी का कनेक्शन के लिए प्रक्रिया अपनाई गई है। बिजली व पानी कनेक्शन के अभाव में यहां शिफ्ट नहीं हो पाए हैं। कहा कि डॉ. प्रेम रात्रि के दौरान सेवा जनता को दे रहे हैं।
-डॉ. सुशील चंद्र शर्मा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी