अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला, भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल और जिला प्रशासन कुल्लू के पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में मनाली की मनु रंगशाला में 5 से 8 जुलाई 2018 तक हिमाचल लोक दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के दूरदराज के कलाकार पारंपरिक लोक नृत्यों, लोक गीतों का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से शिल्प मेला भी लगाया जाएगा। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के स्थानीय संयोजक डॉ. सूरत ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम हर रोज शाम 5 से 8 बजे तक होगा। पहले दिन 5 जुलाई को कुल्लू से सूत्रधार कला संगम, कांगड़ा से सरस्वती स्वर संगम, सिरमौर से सुंदर सिंह और बिलटा का दल अपनी प्रस्तुति देंगे। 6 जुलाई को सोनी स्टार खेल एवं सांस्कृतिक दल उरनी किन्नौर, न्यू ईरा सांस्कृतिक क्लब ऊना, सरगम कला मंच नौनी सोलन और कांगड़ा लोक कला मंच धर्मशाला अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 7 जुलाई 2018 को लायुल सुर संगम सोसायटी लाहौल, हिमालयन कला एवं सांस्कृतिक मंच हरवानी मंडी और शिव शक्ति कला निकेतन बघेईगढ़ चंबा के सांस्कृतिक दल कार्यक्रम देंगे। समापन अवसर पर 8 जुलाई को नटराज सांस्कृतिक मंच घुमारवीं बिलासपुर, जयेश्वरी लोक कला मंच नया गांव शिमला और बालक राम सांस्कृतिक दल मथियाना प्रस्तुति देंगे। शिल्प मेले में कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति के शिल्पी अपने स्टॉल लगाएंगे। कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रहेगा।