अलेऊ (मनाली)। मनाली के अलेऊ में इको टूरिज्म पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर ने कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग को तैयार करने की घोषणा की। इसकी रिपोर्ट उन्होंने अधिकारियों से मांगी। उन्होंने कहा कि लेफ्ट बैंक मनाली सड़क को समयबद्ध निर्माण के लिए इसका वित्त पोषण विश्व बैंक की सीआरएफ के तहत किया जाएगा। वहीं, मनाली में इंडोर स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। इसके लिए जगह तलाशने को कहा। वहीं, राउगी स्कूल को स्तरोन्नत करने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि परियोजना के डैम में वाटर स्पोर्ट्स को इको टूरिज्म से जोड़कर पर्यटन गतिविधियां की जाएंगी। ईको पर्यटन गतिविधियां न केवल लोगों को प्रकृति के साथ जोड़ती है, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की मुख्य सृजक भी साबित हो सकती हैं। राज्य में प्राकृतिक पार्कों तथा हर्बल बागानों को विकसित किया जा रहा है। ईको पर्यटन को ग्रामीण जीवन, संस्कृति तथा परंपराओं के साथ जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इससे न केवल राज्य के अनछुए, अज्ञात और अविकसित गंतव्यों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। प्रदेश में विश्व का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गंतव्य बनने की बड़ी संभावना है। पर्यटन क्षेत्र के लिए बजट में पहली बार 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने प्रदेश ईको पर्यटन समिति तथा रोरिक कला संग्रहालय की स्मारिकाओं के विमोचन भी किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ईको क्लब की सदस्यता का फार्म भी भरा।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनों तथा कंपनियों के बीच ईको पर्यटन परियोजनाओं के लिए अनेक समझौता ज्ञापन भी हस्ताक्षरित किए गए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिले के बबेली स्थित नेचर पार्क का दौरा किया और इस अवसर पर एक पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, दिलीप सिंह राणा उर्फ खली, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम सिंह, जिला परिषद सदस्य सीता राखा, डीसी यूनुस, एसपी शालिनी और अन्य मौजूद रहे।