वशिष्ठ-ओल्ड मनाली की
ओर नहीं जाएंगे बड़े वाहन
12 सीटर से बड़े वाहनों को रामबाग में रोकेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में तंग सड़कों तथा वाहनों की संख्या ज्यादा होने के चलते रोजाना लग रहे जाम की समस्या से निपटने को प्रयास करने शुरू कर दिए हैं। खासकर वशिष्ठ, ओल्ड मनाली और ढुंगरी की सड़कों पर बड़े सैलानी वाहन पहुंचने से पैदल चलने वालों को भी जगह नहीं मिल रही है। लिहाजा प्रशासन ने प्रथम चरण में वशिष्ठ और ओल्ड मनाली गांव की ओर जाने वाले वाहनों को नियंत्रित करना शुरू कर दया है।
एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बाकायदा अधिसूचना जारी कर कहा है कि जनहित में मनाली गांव और वशिष्ठ के लिए 12 सीटर वाहनों से ज्यादा क्षमता वाले वाहन रवाना नहीं किए जाएंगे। एसडीएम के इस कदम को सराहा जा रहा है। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि मनाली की सड़कें तंग हैं जबकि वाहनों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। इन सड़कों में कार समेत छोटे वाहन तो किसी तरह से निकल जाते हैं लेकिन बड़े वाहन दिक्कत पैदा करते हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा 12 सीटर से ज्यादा बड़े वाहनों पर रोक लगाए जाने के फैसले की सराहना की है। ढुंगरी समेत कई स्थानों पर बड़े वाहनों की लाइनें डीपीएस स्कूल तक लगी होती हैं। जिससे स्कूल बसों द्वारा बच्चों को समय पर पहुंचाने में परेशानी हो रही है।