पानी का स्रोत सूखने से
सोझा गांव के नल सूखे
गांव को जलोड़ी दर्रा के बड़ानाला से जोड़ी है पाइप लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र के सोझा गांव में ढाई माह से पानी की सप्लाई ठप पड़ी हुई है। पेयजल योजना का स्रोत सूखने से यह समस्या आई है। जलोड़ी दर्रा के साथ बड़ानाला से जोड़ी गई इस पेयजल स्कीम का लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। मौजूदा समय में ग्रामीण 500 मीटर दूर बाबड़ी से पानी ढो रहे हैं या फिर लोनिवि व वन विभाग के रेस्ट हाउस से पानी ला रहे हैं।
इस संबंध में ग्रामीण खूब राम, तेजा सिंह, सुनीता देवी, वीर सिंह, पप्पू, राजेश, बीना ठाकुर, बंती ठाकुर, सीमा देवी, पिंकू ठाकुर, रोशन लाल, विजय सिंह, चंदन, बालकृष्ण, अनु देवी, हुमा देवी, सेस राम और कृष्णा आदि के अनुसार ग्रामीणों को अपने लिए और मवेशियों के लिए पानी की ढुलाई मेें काफी मुश्किलें आ रही हैं। सर्दी खत्म होते ही गांव के लिए जोड़ी गई लाइन से पानी की सप्लाई बंद हो गई है और ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बड़ानाला में पानी सूखने पर अब वह करीब 100 मीटर आगे से पेयजल स्रोत को जोड़ना चाहते है जिसके लिए लगभग 25 अतिरिक्त पाइपों की कमी पड़ गई है। ग्रामीण विभाग से तीन माह पहले से पाइप की मांग कर रहे है लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह सड़कों पर उतरने को विवश हो जाएंगे। वहीं इस संबंध मेें आईपीएच बंजार के सहायक अभियंता एमएस धामी ने कहा कि दो दिन में पाइपों की सप्लाई बंजार पहुंच रही है। इसके बाद ग्रामीणों को पाइपें दी जाएंगी।