आयुष्मान दिवस उपलक्ष्य पर 30
अप्रैल को होगी विशेष ग्राम सभाएं
जिला टास्क फोर्स ने योजना के कार्यान्वयन पर की चर्चा
कुल्लू। उपायुक्त यूनुस ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे और सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक चिकित्सा सुविधा निशुल्क मिलेगी। वे मंगलवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि जिला की सभी 204 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन के सही कार्यान्वयन के लिए विशेष 30 अप्रैल को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये की चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके लिए परिवार का नाम सूची में शामिल होना चाहिए। परिवार के सदस्य देश भर के सभी सरकारी और पैनलबद्ध निजी अस्पतालों में बिना पैसे दिए अपना इलाज करवा सकेंगे। देश भर में व्यापक रूप से किए गए सामाजिक, आर्थिक और वर्ग आधारित जनगणना के अनुसार परिवारों की पात्रता तय की जाएगी। परिवार के नए सदस्य को भी इस योजना में कवर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्ड में प्रत्येक परिवार के मुखिया के राशनकार्ड और मोबाइल नंबर लिखा जाएगा। अगर परिवार का मुखिया न हो तो परिवार के किसी एक सदस्य का राशनकार्ड मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच, एसडीएम डॉ. अमित गुलेरिया, विभिन्न प्रतिरक्षण कार्यक्रमों के जिला प्रभारी डॉ. रमेश गुलेरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र सिंह आर्य मौजूद रहे।