गोंधला में दी सरकारी
योजनाओं की जानकारी
कोकसर (लाहौल स्पीति)। नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण शिविर तिन्न एडवेंचर एवं स्पोर्ट्स क्लब के सहयोग से गोंधला पंचायत में आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, स्टार्टअप स्टेंडअप इंडिया, एक भारत क्षेष्ठ भारत, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा मेकिंग इंडिया और स्वच्छ भारत मिशन के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान उपायुक्त लाहौल स्पीति अश्वनी कुमार ने कहा कि निर्माणाधीन रोहतांग टनल के तैयार हो जाने से घाटी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ जाएंगी। युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जिसके लिए युवा अभी से अपने क्षमताओं और हुनर को विकसित करें। 14वें वित्त आयोग के तहत ठोस और तरल कचरा प्रबंधन के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से 14वें वित्त आयोग के बजट को स्वच्छता व गांव की पगडंडियों बनवाने में खर्च करने का आह्वान किया। वहीं तिनन एडवेंचर क्लब के अध्यक्ष रोशन लाल ने कहा कि दो दिवसीय कार्यशाला में प्रशासन की ओर से किसानों को सरकार और से विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में अवगत करवाया गया। नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक राम सिंह थॉमस ने कहा कि युवाओं के लिए आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कर क्षमता निर्माण करवाना है। इस दौरान डीएचओ केलांग सोनम आदि मौजूद रहे।