मनाली के समीप नेहरू कूंड के सपीप लगी पर्यटक वाहनों की कतारे।-संवाद
मनाली। पर्यटन नगरी में समर पर्यटन सीजन चरम पर है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से यहां के होटल, रेस्तरां, टैक्सी कारोबार और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। मनाली के करीब 80 फीसदी होटल पैक हो चुके हैं, जबकि वीकेंड और आगामी छुट्टियों को देखते हुए एडवांस बुकिंग भी बढ़ी है।
ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार रोजाना 3,000 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंच रहे हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मुंबई और गुजरात सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी मनाली का रुख कर रहे हैं। मनाली में मालरोड, हिडिंबा मंदिर, सोलंगनाला और अटल टनल जैसे पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की भीड़ जुट रही है।
रोहतांग की बर्फीली वादियों में पर्यटक बर्फ से जुडी खेलों का लुत्फ ले रहे हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि लंबे समय बाद पर्यटन कारोबार ने इतनी रफ्तार पकड़ी है। होटलों की ऑक्यूपेंसी कहीं 80 तो कहीं 90 प्रतिशत चल रही है। स्थानीय व्यापारियों दुर्गा चंद, मेहर चंद, दौलत राम, अजय कुमार के मुताबिक गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगीा। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि इस बार अच्छा पर्यटन सीजन चल रहा है।
....
यातायात दबाव बढ़ा
पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात दबाव भी बढ़ गया है। खासकर वीकेंड के दौरान मनाली और आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन रही है। पंचायत चुनाव के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती अभी तक नहीं हुई है। डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि मनाली में वाहनों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। यातायात नियंत्रण के लिए एसडीआरएफ के 25 जवान तैनात किए हैं। 31 मई को चुनाव पूर्ण होने के बाद अतिरिक्त जवानों की भी तैनाती की जाएगी।