सैंज के शैंशर स्कूल में पूर्व छात्र सम्मेलन में प्रस्तुति देती छात्राएं।-संवाद
न्यूली (कुल्लू)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शैंशर में पहली बार पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। साल 1944 में खुले विद्यालय में शुक्रवार को पूर्व विद्यार्थियों को एक साथ मिलने का मौका मिला।
पूर्व छात्र सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुभाष भारद्वाज ने की। विद्यालय में आए सभी पूर्व विद्यार्थियों को स्कूल प्रबंधन ने अतिथि स्वरूप सम्मान दिया। पूर्व विद्यार्थियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इसके अलावा 80 पूर्व विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में दिए उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पूर्व छात्र हीरा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर सम्मान समारोह का आगाज किया। एले राम और अन्य पूर्व विद्यार्थियों व पंचायत उपप्रधान रोशन लाल ने विद्यालय के पुस्तकालय का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य सुभाष भारद्वाज ने पूर्व विद्यार्थियों की विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी भी पूर्व विद्यार्थियों का अनुसरण करते हुए विद्यालय का नाम रोशन करेगी। पूर्व में रहे विद्यार्थियों ने उच्च श्रेणी के अधिकारी के रूप में जनसेवा करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। राजनीतिक, सामाजिक और शिक्षा क्षेत्र में भी सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूर्व छात्र सेवानिवृत केंद्रीय मुख्य शिक्षक सब्जा चंद ने अपनी ऐच्छिक निधि से 5,100 रुपये दिए। संवाद