17 करोड़ रुपये की लागत से बिछेगी 9.5 किमी मीटर पाइप लाइन
नगर पंचायत बंजार की बैठक में सहायक अभियंता ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल में सीवरेज प्रणाली का वर्षों से अधर में लटका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह बात जलशक्ति विभाग बंजार के सहायक अभियंता रोहित डोगरा ने नगर पंचायत बंजार के सभागार में हुई नगर पंचायत बंजार की बैठक में कही। बुधवार को नप अध्यक्ष आशा शर्मा की अगुवाई में विशेष बैठक हुई।
इसमें कहा गया कि बंजार शहर के लिए 17 करोड़ की लागत से सीवरेज योजना बनेगी। इसका कार्यान्वयन तीव्र गति से कैसे हो, इस बारे में बंजार वासियों से सुझाव मांगे हैं। नगर पंचायत बंजार के वार्ड एक से वार्ड पांच के निर्वाचित पार्षदों की अध्यक्षता वाली 7 से 10 सदस्यों की समन्वयक कमेटियां प्रथम चरण में गठित कर दी हैं। दूसरे चरण की कमेटियां नेशनल हाईवे से होकर बिछने वाली पाइप लाइन के निर्माण के दौरान गठित की जाएंगी। ये कमेटियां जल शक्ति विभाग का सीवरेज निर्माण में सहयोग करेंगी। इस योजना से नगर पंचायत बंजार के अतिरिक्त ग्राम पंचायत बालागाड़ और ग्राम पंचायत मंगलौर आदि के कुछ वार्डों को इस योजना में शामिल करने का प्रावधान है। सीवरेज स्कीम के अंतर्गत प्रथम चरण में शहर के 790 घरों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए मल निकासी की प्रमुख दो लाइनें बिछेंगी। पहली लाइन वार्ड पांच की तलहटी यानी खड्ड किनारे से होती हुई सब्जी मंडी से लेकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचेगी। दूसरी लाइन नेशनल हाईवे-305 के अंतर्गत घेलीगाड़ पुल से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस चौक तक बिछाई जाएगी। इसकी लंबाई 9.5 किलोमीटर की होगी।