कंगना रणौत ने विकास योजनाओं के लिए सांसद निधि से जारी की राशि
सार्वजनिक सुविधाओं, सामुदायिक ढांचे के सुदृढ़ीकरण पवर खर्च होगी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रणौत ने लाहौल-स्पीति जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लिए सांसद निधि से 73 लाख 77 हजार रुपये की राशि जारी कर दी है।
यह राशि जिले में आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं, सामुदायिक ढांचे के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय जरूरतों को पूरा करने वाली परियोजनाओं पर व्यय की जाएगी। इससे पहले हाल ही में जिले के दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सांसद कंगना रणौत के साथ लाहौल-स्पीति के लिए 250 करोड़ की राशि स्वीकृत की थी।
यह राशि भी विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है। पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रवि ठाकुर ने सांसद कंगना रणौत और केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह दोनों की क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सांसद ने यह भरोसा दिलाया है कि आने वाले समय में भी जिले के विकास कार्यों के लिए आवश्यकता के अनुसार सांसद निधि उपलब्ध करवाई जाती रहेगी। रवि ठाकुर ने कहा कि इन वित्तीय स्वीकृतियों से लाहौल-स्पीति जिले में विकास कार्यों को नया आयाम मिलेगा और जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।