कुल्लू। पर्यटन सीजन के बीच जिला कुल्लू में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी कारोबारियों पर भारी पड़ रही है। मांग के अनुरूप सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ढाबा, रेहड़ी, होटल और रेस्तरां संचालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि गैस एजेंसियां बुकिंग के आधार पर घर-द्वार सिलिंडर पहुंचाकर कुछ राहत देने का प्रयास कर रही हैं।
बीते दो दिनों में जिले में विभिन्न गैस एजेंसियों की ओर से ढाबा और रेस्तरां कारोबारियों को 722 से अधिक व्यावसायिक सिलिंडर वितरित किए गए हैं, जबकि 759 सिलिंडर जिला मुख्यालय पहुंचे हैं। शनिवार को भी कई क्षेत्रों में व्यावसायिक के साथ घरेलू सिलिंडरों की आपूर्ति की गई, लेकिन मांग के मुकाबले यह आपूर्ति नाकाफी साबित हो रही है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने ढाबा, रेहड़ी, होटल और रेस्तरां संचालकों को सिलिंडरों के साथ अन्य विकल्पों के उपयोग की सलाह भी दी है।
जिले में सिलिंडरों की आपूर्ति जारी है, लेकिन मात्रा सीमित होने के कारण लोग बड़ी संख्या में गैस एजेंसियों के कार्यालय पहुंच रहे हैं। बिना बुकिंग के सिलिंडर नहीं मिलने से लोगों को निराश लौटना पड़ रहा है। सरवरी स्थित इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक राजीव तलवार ने बताया कि एजेंसी बुकिंग के आधार पर सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर की डिलीवरी दे रही है। पिछले दो दिनों में शहर में 60 व्यावसायिक सिलिंडर वितरित किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एजेंसी आने के बजाय बुकिंग करें, ताकि सिलिंडर घर तक पहुंचाया जा सके। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिव राम राही ने बताया कि बीते दो दिनों में जिला मुख्यालय सहित 722 व्यावसायिक सिलिंडर वितरित किए गए हैं। इसके अलावा 23 और 24 अप्रैल को जिले में 759 व्यावसायिक सिलिंडर पहुंचे हैं और आपूर्ति लगातार जारी है। संवाद