कुर्सी पर उठाकर पंद्रह किमी पैदल चलकर सड़क पहुंचाए चार मरीज
मझान में वायरल का प्रकोप, विभाग नहीं भेज रहा टीम, गांव में सड़क सुविधा नहीं
गांव में बर्फबारी होने से अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के दुर्गम गांव मझान में वायरल का प्रकोप रुकने का नाम नहीं ले रहा है। गांव में अभी भी लोग वायरल की चपेट में हैं। मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें कुर्सी पर उठाकर अस्पताल तक पहुंचाना पड़ रहा है। मझान गांव के चार मरीजों को शुक्रवार को ग्रामीणों ने कुर्सी पर उठाकर करीब 15 किलोमीटर दूर तक पहुंचाया। यहां से उन्हें वाहन में सैंज अस्पताल लाया गया।
ग्राम पंचायत गाड़ापारली का गांव मझान सड़क सुविधा से नहीं जुड़ा है। गांव के मरीजों को निहारनी तक पहुंचने के लिए 15 किलोमीटर का कठिन सफर करना पड़ता है। लेकिन गांव में दो फीट तक बर्फ की चादर बिछी है। ऐसे में बीमार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीण रोशन लाल ने कहा कि गांव में वायरल फैल गया है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने टीम भेेजने का आश्वासन दिया था। तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची है। ऐसे में मजबूरी में उन्हें मरीजों को कुर्सी पर उठाकर 15 किलोमीटर तक निहारनी लाना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान भाग चंद ने कहा कि गांव में अब तक दर्जनों मरीज वायरल की चपेट में आ चुके हैं। दुर्गम क्षेत्र के होने कारण मरीजों को सड़क तक पहुंचाने में ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में भेजकर यहां के लोगों को राहत प्रदान की जाए।