अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला अस्पताल कुल्लू में अब मरीजों व तीमारदारों को प्रशासनिक कार्य करवाने के लिए अस्पताल परिसर में नहीं भटकना होगा। क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में अलग से प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य बीएसएनएल ने युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 4.14 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
छह मंजिला इस भवन में कई सुविधा होगी। वर्तमान में अस्पताल की चौथी व पांचवीं मंजिल में चल रहे मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय शिफ्ट होकर नए भवन में आएंगे। भवन की पहली और दूसरी मंजिल में पार्किंग सुविधा होगी। प्रशासनिक भवन अलग होने से अस्पताल में आने वाले लोगों को और भी सुविधा मिलेगी। भवन का निर्माण कर रहे बीएसएनएल के सहायक अभियंता बलवंत शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक भवन करीब छह मंजिल का होगा। इसमें पार्किंग की सुविधा भी रहेगी। कहा कि निगम ने प्रशासनिक भवन को तैयार करने में एक साल का लक्ष्य रखा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. सुशील शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक भवन में सीएमओ और चिकित्सा अधीक्षक का कार्यालय होगा।