लाडा फंड से प्रभावित पंचायतों में बांटा 89 करोड़
विभिन्न विद्युत परियोजनाओं से संबंधित लाडा की बैठकें आयोजित
शीघ्र विकास कार्यों को पूरा कर उपयोगिता प्रमाण पत्र करें जमा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। एनएचपीसी की पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण द्वितीय, तृतीय तथा एचपीपीसीएल की सैंज जल विद्युत परियोजना से संबंधित स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण (लाडा) की अलग-अलग बैठकें मंगलवार को उपायुक्त युनुस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। विभिन्न विद्युत परियोजना के तहत 89 करोड़ रुपये लाडा फंड आवंटित किया गया है।
उपायुक्त यूनुस ने बताया कि पार्वती जल विद्युत द्वितीय चरण के तहत लाडा फंड में 58 करोड़ 77 लाख प्राप्त हुए हैं। जिसमें से 56 करोड़ 30 लाख रूपये प्रभावित 13 पंचायतों और 30 प्रभावित जोन पंचायतों को आवंटित कर दी गई है। पार्वती परियोजना चरण तृतीय से लाडा फंड के लिए 25 करोड़ 78 लाख की धनराशि प्राप्त हुई है। जिसमें से 24 करोड़ 99 लाख 6 प्रभावित पंचायतों और 7 प्रभावित जोन के पंचायतों को आवंटित कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त एचपीपीसीएल की ओर से 7 करोड़ 89 लाख क्षेत्र के 6 प्रभावित पंचायतों को आवंटित कर दिए गए हैं।
उपायुक्त ने लाडा के तहत आने वाले सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से स्वीकृत राशि का सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लाडा के तहत स्वीकृत धनराशि मात्र सामुदायिक विकास कार्यों के लिए खर्च की जा सकती है। उन्होंने लाडा के तहत आने वाले सभी पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि लाडा की धनराशि से करवाए जा रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करें और इसके उपयोगिता प्रमाण पत्र जल्द जमा करें जिससे विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जा सके। बैठक में परियोजना प्रभावित पंचायतों और जोन को लाडा के तहत धनराशि आवंटन पर व्यापक विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, एडीएम अक्षय सूद, उपमंडल अधिकारी कुल्लू डॉ अमित गुलेरिया, एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज व अन्य मौजूद रहे।