पंद्रह दिन में निपटाएं जन शिकायतें : मारकंडा
उदयपुर से त्रिलोकनाथ के बीच रवाना की इलेक्ट्रिक टैक्सी
शकौली स्कूल का किया औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने अपने दौरे के चौथे दिन उपमंडल उदयपुर में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरकार की स्वच्छ और जबावदेय प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों पर 15 दिन के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होेंने अधिकारियों से जिले के विकास के लिए सहयोग करने की अपील करते हुए सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में पॉलीहाउस, पॉवर ट्रिलर तथा स्प्रिलिंकर पर धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। लोगों को अनुदान पर कृषि के आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाएं जाएंगे। इस दौरान मंत्री ने उदयपुर बस अड्डे से सात सीटर इलेक्ट्रिक वैन को उदयपुर से त्रिलोकनाथ के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि मृकुला माता मंदिर से त्रिलोकनाथ मंदिर के बीच चलने वाली इस वैन के माध्यम से मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने त्रिलोकनाथ और शकौली पंचायत के लोगों की शिकायतें भी सुनीं। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शकौली का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री शमशेर सिंह जेग, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चमन लाल ठाकुर आदि मौजूद रहे।