फोरलेन निर्माण के लिए गिराई
पुरानी सब्जी मंडी की इमारत
इस सीजन से जटेहड़ बिहाल में चलेगी नई सब्जी मंडी
जमीन हस्तांतरण समेत अन्य औपचारिकताएं कीं शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली/पतलीकूहल। नेरचौक से मनाली तक नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए पतलीकूहल सब्जी मंडी का अधिग्रहण हो गया है। इस जमीन पर बनाए सब्जी मंडी के भवन के सड़क की जद में आने के चलते भवन को गिरा कर इसके स्थान पर डंगा लगना शुरू हो गया है। हर साल करोड़ों का कारोबार करने वाली इस मंडी को अब जटेहड़ बिहाल में शिफ्ट कर दिया गया है।
सेब सीजन शुरू होने को कम ही महीने रह गए हैं। लिहाजा बागबानों और आढ़तियों को अगले सेब सीजन में अने उत्पाद के क्रय-विक्रय की चिंता सताने लगी है, लेकिन राहत की बात यह है कि सरकार ने इलाके के लोगों की आर्थिकी की रीढ़ माने जाने वाली बागवानी के कारोबार को सुचारू रूप से चलाए रखने केे लिए नई जमीन तलाश कर ली है। जहां पर अगला सीजन शुरू किया जाएगा। इन दिनों इस जमीन के दस्तावेज हस्तांतरित करने का कार्य चल रहा है। करीब बारह बीघा भूमि में बनने वाली इस सब्जीमंडी के ग्राउंड को समतल किया जा रहा है। पिछले दिनों अपनी मांगों के सिलसिले में डीएफओ डा नीरज चड्ढा ने भी इस स्थल का निरीक्षण किया था।
वन मंत्री गोविंद ठाकुर भी पुरानी सब्जीमंडी के फोरलेन की जद में आने से लोगोें की चिंता को दूर करने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने अपने हाल ही के कुल्लू दौरे में नई सब्जी मंडी के स्थल का दौरा कर सभी समस्याओं को जल्द निदान की बात कही थी। पतलीकूहल सब्जी मंडी आढ़ति संघ के अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर का कहना है कि सब्जी मंडी का कार्य जल्द पूरा होने से बागवानों समेत सभी वर्गों को राहत मिलेगी। डीएफओ डॉ नीरज चड्ढा ने प्रस्तावित सब्जी मंडी स्थल का दौरा कर अपनी ओर से हर संभव सहायता की बात कही है। वहीं वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर का कहना है कि पतलीकूहल सब्जी मंडी के जल्द निर्माण को सरकार कृतसंकल्प है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने पर यहां भव्य मार्केट यार्ड समेत सभी आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त भवन तैयार किया जाएगा।