कड़ाके की ठंड में केलांग-उदयपुर में मनाया गणतंत्र दिवस
प्रशासन ने शहीद छुलटिम के परिजनों को किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग/उदयपुर (लाहौल स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलांग में जिला स्तरीय 69वां गणतंत्र दिवस कड़ाके की ठंड के बीच हर्षोल्लास से मनाया गया। उपायुक्त लाहौल स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। परेड कमांडर गोपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड और केंद्रीय विद्यालय केलांग के बच्चों ने मार्चपास्ट किया। उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी ने कहा कि लाहौल-स्पीति जिला को राष्ट्रीय मंच पर भी विकास का आदर्श माना जाता है। लाहौल स्पीति जिला को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
घाटी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जैविक खेती, बेटी है अनमोल, हथकरघा उद्योग और स्वच्छ लाहौल पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। गणतंत्र दिवस के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। वहीं जम्मू-कश्मीर के शौपिया जिले में आतंकी हमले में शहीद हुए वीर सैनिक करपट निवासी तंजिन छुलटिम के परिजनों को सम्मानित किया गया।
उधर, उदयपुर में नायब तहसीलदार केएस कथानिया ने तिरंगा फहराया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने परेड की। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति किए गए। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय खेलकूद स्पर्धा के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश धर्माणी, एसडीएम केलांग अमर नेगी, डीएसपी संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।