कुल्लू। जिले में पांच रूटों पर एचआरटीसी की बस सेवा को बंद कर दिया गया है। पिछले माह नए मार्गों पर संयुक्त सड़क निरीक्षण कमेटी ने निरीक्षण कर रूटों को वाहन योग्य घोषित किया था। इसके बाद निगम ने कुछ दिनों से बसों का संचालन किया, लेकिन बस सेवा को संचालित करने के लिए आवश्यक रूट परमिट न मिलने से अब इन रूटों पर बस नहीं चलेगी। निगम की ओर से कुल्लू से बाराहार, कुल्लू से शांगचण, कुल्लू से भूमतीर, कुल्लू से घाट-परगानु तथा कुल्लू से नरोगी तक त्रैहण से आगे बसों का नियमित संचालन के लिए रूट परमिटों के लिए आवश्यक आवेदन कर दिए हैं। इस संबंध में ग्रामीण प्रताप सिंह, जय सिंह, अमर चंद, दुनी चंद, देवी राम, आलम चंद, किशन चंद, कृष्ण लाल तथा भगत राम ने कहा कि बस पासिंग होने के बाद उन्हें इलाकों के लिए नियमित बस सेवा शुरू होने की उम्मीद थी लेकिन निगम ने बस ट्रायल के बाद भी बसों को नहीं चलाया है। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। एचआरटीसी कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक योग राज ठाकुर ने कहा कि एनआरटीसी कुल्लू की ओर से उपरोक्त रूटों पर बस संचालन आरंभ नहीं किया है। परिवहन विभाग की ओर से जैसे ही परमिट जारी होते हैं निगम इन रूटों पर जनता की सुविधा के लिए बसों का संचालन शुरू कर देंगे। उधर, बस रूटों पर बस सेवा शुरू न होने पर चुनावों के दौरान राजनीति भी गर्म हो गई है। मामले को लेकर कुल्लू सदर में भाजपा व कांग्रेस आमने-सामने हो गई है।