लाहौल में संपर्क सड़क की बहाली में लोनिवि का मशीन।-संवाद
राहत ... उदयपुर से खंजर गांव तक 32 किमी लंबी मयाड़ संपर्क सड़क से भी हटाई बर्फ
पीडब्ल्यूडी से मांग, दुर्गम गांव योचे की संपर्क सड़क को भी जल्द किया जाए बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में लोक निर्माण विभाग ने 134 संपर्क सड़कों में से 70 यातायात के लिए बहाल कर दी हैं। इनमें सबसे लंबी 32 किलोमीटर उदयपुर से खंजर गांव तक मयाड़ संपर्क सड़क भी शामिल है।
एक सप्ताह पूर्व हुई भारी बर्फबारी के बाद ये सड़कें बंद हो गई थीं।लोक निर्माण विभाग ने उड़गोस से एक किलोमीटर आगे तक करीब 26 किमी तक इस सड़क में बर्फ हटा दी है। खंजर तक छह किमी सड़क से बर्फ हटाने का कार्य शेष है। इसके तहत घाटी की तिंगरेट और चिमरेट पंचायत में आबादी आती है। अधिक बर्फबारी होने पर दोनों पंचायतें उपमंडल उदयपुर से कट जाती हैं। दारचा पंचायत के दुर्गम गांव योचे के लोगों ने विभाग से योचे संपर्क सड़क को जल्द बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों को 12 किमी तक एकतरफा कदमताल करनी पड़ रही है।
लोक निर्माण विभाग सड़कों की बहाली में जुटा है। अब देखना काफी दिलचस्प होगा कि कब तक विभाग सभी संपर्क सड़कों को बहाल करता है। लोक निर्माण विभाग चिनाब मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने कहा कि अब तक 70 संपर्क सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। मयाड़ सड़क में छह किमी बर्फ हटाने का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि लाहौल-स्पीति जिले की संपर्क मार्गों की बहाली में पहली प्राथमिकता दुर्गम गांव की ओर जाने वाली संपर्क सड़कों को दें। मूरिंग पंचायत के अंतर्गत गांव चोखंग, गवाड़ी, छोगजिंग, नैनगार तक विभाग ने सड़क बहाल कर दी है।