तीन दिन में मनाली पहुंचे 2900 पर्यटक वाहन, पर्यटक स्थलों पर उमड़ी भीड़
पर्यटन नगरी में क्रिसमस और नव वर्ष पर और अधिक सैलानी जुटने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। वीकेंड पर मनाली पर्यटकों से गुलजार रही। तीन दिन में मनाली में 2900 से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे। 100 से अधिक वोल्वो बसों और टेंपो ट्रैवलर में भी पर्यटकों ने मनाली का रुख किया।
होटलों की ऑक्यूपेंसी 60 से 65 प्रतिशत तक पहुंच गई है। विंटर सीजन की दस्तक से पर्यटन कारोबारी गदगद हैं। क्रिसमस और नववर्ष पर मनाली में पर्यटकों की और अधिक भीड़ जुटने की संभावना है।
ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार इस वीकेंड पर मनाली में पिछले सप्ताह की तुलना में अधिक पर्यटक पहुंचे। अब तक वीकेंड पर मनाली में दो से ढाई हजार पर्यटक वाहन आ रहे थे। इस बार यह आंकड़ा तीन हजार के करीब पहुंच गया। शुक्रवार को 1025, शनिवार को 1175 और रविवार को लगभग 800 पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे। इसके अलावा 100 से अधिक वोल्वो बसें भी पहुंचीं। अनुमान के मुताबिक तीन दिन के दौरान मनाली में 25,000 से अधिक पर्यटक पहुंचे। नववर्ष और क्रिसमस ईव पर पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि इस बार वीकेंड अच्छा रहा। होटलों कि ऑक्यूपेंसी 60 फीसदी के पार पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि होटलों की ऑनलाइन बुकिंग में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक बीएस ओकटा ने बताया कि मनाली में वीकेंड पर पर्यटकों की अच्छी भीड़ जुट रही है। इस बार भी अच्छी चहल पहल रही। होटलों की ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी तक दर्ज की गई। कहा कि बर्फबारी होने पर विंटर सीजन में और भी उछाल आएगा।