अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। घाटी में फरवरी माह में हुई बर्फबारी के बाद देश-विदेश के सैलानियों ने कुल्लू -मनाली का रुख कर दिया है। मनाली में काफी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। होटलों में ऑक्यूपेंसी 20 से बढ़कर 40 प्रतिशत तक हो गई है। मनाली व आसपास के स्नो प्वाइंटों में पड़ी बर्फ के बीच सैलानी मस्ती कर रहे हैं।
देश के कोने-कोने से मनाली पहुंच रहे सैलानियों की भीड़ से मनाली के कारोबारी भी गदगद हो गए हैं। रविंद्र यादव और प्रियंका ने बताया कि उनकी शादी के एक सप्ताह के बाद उन्होंने मनाली आने का निर्णय लिया था। उन्होंने बर्फबारी के बीच जमकर अठखेलियां की। मनाली के होटलियर विनित मेहंदी रता, विवेक कपूर, राजेंद्र तथा निर्मल ने बताया कि इस साल फरवरी माह में भी मनाली में अच्छी बर्फबारी हुई है। कहा कि दिसंबर और जनवरी के मुकाबले फरवरी माह में सैलानियों की तादाद 20 से बढ़कर 40 फीसदी पहुंच गई है। उन्होंने मार्च के बाद पर्यटन सीजन और गति पकड़ेगा। उधर, मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने बताया कि सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ना शुरू हो गई है। माल रोड के साथ सोलंगनाला, नेहरूकुंड पर्यटकों से गुलजार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों बाद पर्यटन सीजन के लिए ऑनलाइन बुकिंग का दौर शुरू हो जाएगा।