अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में शुक्रवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से लोग परेशान हैं। पहाड़ों में जहां बर्फबारी हुई, वहीं निचले इलाकों में शनिवार को दिनभर भारी बारिश का दौर जारी रहा। बारिश से लोगों समेत छात्रों को परेशानी हुई। बारिश से आधा दर्जन सड़कें बंद हो गई हैं।
मौसम विभाग की ओर से जिले में भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में उन्होंने कुल्लू-मनाली घूमने आने वाले सैलानियों और आम लोगों को संवेेदनशील इलाकों की ओर न जाने की सलाह दी है। ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। एचआरटीसी कुल्लू ने भी बारिश को देखते हुए अपने सभी चालकों-परिचालकों को सुरक्षा की दृष्टि से बसों को वहीं तब ले जाने को कहा है, जहां तक सड़क ठीक हो। करीब एक दर्जन कच्ची सड़क पर बसों को न ले जाने की हिदायत दी है। हालांकि बारिश से किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। बावजूद प्रशासन ने सभी एसडीएम व आपदा प्रबंधन को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। बारिश से रोहाचला, घुहाटन, करशाला, शंगचर, बस्तोरी, ग्रांहो सड़कों के बंद होने से लोगों का परेशान होना पड़ा है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार है। जिले में किसी भी तरह की आपदा या नुकसान की सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टॉल फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है।
एक माह से सड़क नहीं की बहाल
कुल्लू। बरसात में डंगा ढहने से मलाणा व शरची सड़क एक माह से बंद है। यह सड़क अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। ऐसे में लोगों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में लोगों को छोटे वाहनों (टैक्सियों) में भारी भरकम किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। तेज राम, रेवती राम, भगत राम तथा चमन लाल ने कहा कि बरसात के कारण अगस्त में डंगा ढह गया है। बस सेवा बंद होने से मलाणा और शरची पंचायत के लोगों में सरकार व लोनिवि के प्रति भारी रोष है।