अमर उजाला ब्यूरो
नग्गर (कुल्लू)। मनाली विधानसभा क्षेत्र के गांव नग्गर में रविवार को जनमंच कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अधिकतर पेयजल, बिजली व सड़कों संबंधी समस्याएं उठाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, मत्स्य व पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने की। इसमें क्षेत्र की 10 पंचायतों के निवासियों की लगभग 85 शिकायतों पर चर्चा की गई। इनमें से 67 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
57 शिकायतें ई-समाधान के माध्यम से प्राप्त हुई थीं, जबकि अन्य शिकायतें लोगों ने मौके पर ही उठाईं। इनमें ग्रामीण विकास मंत्री ने अधिकारियों को अन्य शिकायतों का अतिशीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रत्येक जनमंच के बाद होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री इन कार्यक्रमों की समीक्षा करते हैं। कंवर ने सभी ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया वे प्रत्येक वार्ड की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें तथा इनका विस्तृत खाका तैयार करें। सरकार इन कार्यों के लिए बजट का प्रावधान करेगी। इनमें एंबुलेंस सड़क, टैंक, चेक डैम, लोक भवन, मोक्ष धाम व अन्य कार्य शामिल किए जा सकते हैं। इससे पहले ग्रामीण विकास मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी, जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चैधरी, जिलाधीश यूनुस, एएसपी राजकुमार चंदेल, जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह व अन्य मौजूद रहे।
कन्याओं को दिए 10-10 हजार की एफडी के दस्तावेज
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री ने बेटी है अनमोल योजना के तहत 10 कन्याओं यशस्वी, ऋतिका, रिद्धिमा, सोनाक्षी, ऋषिका, काव्या, राधिका, इशानवी, साक्षी और सलोनी को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दस-दस हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज भेंट किए। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सात नन्हीं कन्याओं इशिता, शान्वी, पूजा, नव्या, सृष्टि, खुशी और वेदिका को उपहार दिए गए।
128 को गैस कनेक्शन, 93 प्रमाण पत्र किए जारी
नग्गर (कुल्लू)। ग्रामीण विकास मंत्री ने हिमाचल गृहिणी सुरक्षा योजना के तहत क्षेत्र की 128 महिलाओं को मौके पर ही रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य व आयुर्वेद विभाग ने स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। इसमें करीब 145 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा 158 लोगों का शुगर टेस्ट किया गया। 21 लोगों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्ड जारी किए गए। क्षेत्र के महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जनमंच के दौरान 93 लोगों को विभिन्न प्रमाणपत्र जारी किए गए। इनमें 56 हिमाचली प्रमाण पत्र, 16 आय प्रमाणपत्र, 2 चरित्र प्रमाणपत्र, 2 कृषि प्रमाणपत्र, 9 जाति प्रमाणपत्र और 9 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
किसने क्या समस्याएं उठाई
-नरेंद्र शर्मा ने नग्गर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का मसला उठाया
-श्याम कुल्लवी ने कराड़सू में हाई वोल्टेज तार रिहायशी क्षेत्र से जाने का मुद्दा रखा
-अरछंडी पंचायत की प्रेम लता ने बिजली संबंधी समस्या को उठाया
-जोध सिंह ने लरांकेलो में बिजली पोल बदलने का मामला रखा
-नरेंद्र शर्मा ने बीएसएनएल के जनरेटर से हो रहे ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा उठाया
-आदित्य ने पर्यटन विभाग के नग्गर कैसल के आसपास फैली गंदगी का मसला रखा
-रेशमा देवी ने बनोगी में पेश आ रही पेयजल समस्या को उठाया
-शाम भारद्वाज ने लोनिवि की रिटेनिंग वॉल न होने से हो रहे नुकसान को बताया
-लाल चंद ने उनके घर में आईपीएच सप्लाई का नल न लगने की समस्या रखी
-चुनेश्वर ने जाणा, अरछंडी व अन्य पंचायतों में पेयजल समस्या जनमंच में रखी
-कुंदन सिंह ने आईपीएच विभाग की ओर से कूहलों की अनदेखी का मामला उठाया
-नग्गर पंचायत की प्रधान सुषमा शर्मा नग्गर में पार्किंग व यातायात समस्या रखी
-करजां के पिताबंर प्रसाद ने सड़क किनारे नालियां न बनाने का मामला उठाया
-पितांबर प्रसाद ने 17 मील पुल का काम लटकने का मामला मंत्री के सामने रखा
-हरवंस ने नग्गर सड़क की दुुर्दशा का मामला प्रशासन व शासन के समक्ष रखा
-चेत राम ने जंगलों में भांग खेती का मामला रखा और इसे खतरनाक बताया
-दोचा मोचा महिला मंडल गजां की सदस्यों ने लावारिस पशुओं का मसला रखा