अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। बागवानों के सेब, नाशपाती, अनार के अलावा किसानों का टमाटर, गोभी और मटर जैसी सब्जियां भी ऑनलाइन बिकेंगी। प्रदेश में मार्केट बोर्ड ने इन उत्पादों को ऑनलाइन मार्केटिंग से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सेब, नाशपाती और अनार सहित इन फसलों को भी शामिल किया गया है।
कृषि मंत्रालय ने ऑनलाइन मार्केटिंग में नई फसलें सूची में जोड़ दी है। नई लिस्ट के अनुसार दर्जनों फसलों को अब किसान-बागवान ऑनलाइन मार्केटिंग से घर बैठे ही बेच सकेंगे। ऐसे में किसानों को निश्चित तौर पर इसका प्रत्यक्ष लाभ होगा। किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी और सदर फल एवं सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष लाल चंद ठाकुर ने कहा कि ऑनलाइन मार्केटिंग की सुविधा से किसान और बागवान लाभान्वित होंगे। किसान अमित, लालचंद , सतीश, कमल, चदेराम, राजेश, मोहन, महेश, चुनी लाल, कैलाश, सुरेश, कोमल ने कहा कि ऑनलाइन मार्केटिंग के जरिये किसान-बागवान को सीधा फायदा हो जाएगा। इससे गुणवत्ता वाले फलों और सब्जियों का उम्दा दाम किसानों और बागवानों को घर बैठे ही मिल जाएगा। कृषि उपज विपणन समिति कुल्लू एवं लाहौल स्पीति के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि फलों में सेब और नाशपाती अनार ऑनलाइन पहले ही शामिल किए गए हैं। लेकिन अब लाल रसीला टमाटर, गोभी और मटर सहित फसलें भी सूची में जोड़ दी है। प्रदेश मार्केट बोर्ड ने ऑनलाइन जोड़ने के लिए किसानों और व्यापारियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये मंडियां योजना में शामिल
ऑनलाइन योजना में बंदरोल, भट्टाफर, भुंतर, चंबा, शिमला, हमीरपुर, पराला, मंडी, जसूर, संतोषगढ़, परमाणू, टकोली, सोलन, पतलीकूहल, रोहडू, कांगड़ा, पांवटा साहिब, ऊना शामिल हैं।