कीह मठ में 45 लाख से
बनेगा संग्रहालय : मारकंडा
स्पीति के मठ में धूमधाम से मनाई बुुद्ध की 2562वीं जयंती
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग/काजा (लाहौल-रूपीति)। स्पीति घाटी के प्रसिद्ध कीह बौद्ध मठ में 2562वीं बुद्ध जयंती बड़े हर्षोल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर कृषि एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ राम लाल मारकंडा मुख्यातिथि उपस्थित रहे। सैकड़ों बौद्ध भिक्षुओं के साथ काफी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल रहे। बौद्ध लामाओं ने महात्मा बुद्ध की मूर्ति को पालकी में सजा कर मठ की परिक्रमा करते हुए कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। बाद में मुख्य अतिथि डॉ मारकंडा तथा मठ के मुख्य लामा छेरिंग दोरजे ने बौद्ध झंडा फहरा कर जयंती का आगाज किया। इस अवसर पर नन्हे बौद्ध भिक्षुओं ने बुद्ध की स्तुति व मंत्रोच्चारण किया। डा मारकंडा ने कहा कि हमें बुद्ध के बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। आज विश्व में बहुत से लोग बुद्ध की शिक्षाओं से प्रभावित होकर बौद्ध धर्म का अनुसरण कर रहे हैं। बुद्ध की शिक्षाओं में प्रेम तथा करुणा का बहुत महत्व है जिस की आवश्यकता आज पूरे विश्व में है। उन्होंने इस अवसर पर कीह मठ में निर्माणाधीन म्यूजियम के लिए 45 लाख तथा हेलीपैड के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। लामाओं द्वारा बौद्ध दर्शन पर डिबेट का भी आयोजन किया गया। वहीं कार्यक्रम में लामाओं द्वारा शनक छम भी प्रस्तुत किया गया जो देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर खुरिक महिला मंडल, मुंसेलिंग स्कूल के विद्यार्थियों सहित कई स्थानीय लोक नृत्य दलों ने पारंपरिक नृत्य पेश कर वाहवाही लूटी।