केलांग (लाहौल स्पीति)। रोहतांग टनल के दोनों छोर मिलने से उत्साहित लाहौल स्पीति के लोगों द्वारा 27 अक्तूबर को नोर्थ पोर्टल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में शामिल होने के लिए लेह लद्दाख और पांगी किलाड़ के लोगों को भी निमंत्रण दिया गया है। समारोह की तैयारियों को लेकर अब तक तीन बैठकें भी की जा चुकी है। सम्मान समारोह में रोहतांग टनल के इंजीनियर्स, कामगारों के साथ बीआरओ को भी सम्मानित करने की योजना है। हालांकि आदर्श चुनाव आचार सहिंता लागू होने के कारण अधिकारियों का समारोह में शामिल होने पर संदेह बना हुआ है। सम्मान समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रेम कटोच ने बताया कि कीह मठ के प्रमुख 17वें अवतारी लामा टीके लोचेन तुलकू नार्थ पोर्टल में विशेष पूजा अर्चना करेंगे।आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर चंदा जुटाने का काम जारी है। जनजातीय क्षेत्रों के कर्मचारी, व्यापारी, किसान और आम जनता समारोह के लिए खुलकर आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। इस समारोह में हजारों लोग जुटने की संभावना है। समारोह समिति के संयोजक रिगजिन हायरपा ने कहा कि इस दिन भंडारे का भी आयोजन होगा। जबकि लायुल सुर संगम के कलाकारों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगेे। सम्मान समारोह के आयोजन को पूरी तरह राजनीति से दूर रखा गया है।