कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू शहर में चल रही नगर परिषद की कूड़ा-कचरा एकत्रीकरण की डोर-टू डोर स्कीम हांफने लग गई है। हफ्ते तक शहर में लोगों के घरों और कार्यालयों से कूड़ा-कचरा को नहीं उठाया जा रहा है। घरों में गंदगी के ढेर लगने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नगर परिषद को सूचना देने के बाद भी कूड़ा नहीं लिया जा रहा है।
गांधीनगर क्षेत्र के साथ शहर के कई घरों व कार्यालय में कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए हैं। जिसको लेकर शहरवासियों में नगर परिषद के प्रति भारी रोष है। कई जगहों में एक दिन छोड़ कर कर्मचारी कूड़ा लेने पहुंच रहे हैं। शहरवासी उमा ठाकुर, अनु ठाकुर, सोनम, छेरिंग, दुनी चंद, शेर सिंह, तेजा सिंह, कुमार सिंह, उगम चंद, नील चंद, नरोत्तम राम, राम सिंह, टेक सिंह, लाल चंद, संगीता और सुनीता के अनुसार उनके घरों में एक हफ्ते से कूड़ा पड़ा है, लेकिन नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने कोई भी सुध नहीं ली है।
उन्होंने कहा कि कूड़ा न उठाने की सूचना नगर परिषद के कार्यालय को भी दी गई बावजूद तीन दिनों से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एक ओर नगर परिषद डोर-टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण स्कीम का सफल बता रही है। वहीं, दूसरी तरफ शहर की जनता गंदगी न उठाने से त्रस्त है। घरों व कार्यालयों में कूड़ा-कचरा के जमा होने से पड़ रही गंदगी से परेशान लोग अब कूड़े को खुले में फेंकने को विवश है। शहरवासियों ने डोर टू डोर योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर परिषद से नियमानुसार घरों व कार्यालयों से कूड़ा उठाने की मांग की है। एसडीएम कुल्लू रोहित राठौर ने कहा कि कूड़ा एकत्रीकरण योजना का पालन होना चाहिए। अगर कहीं कूड़ा-कचरा समय पर नहीं उठाया जा रहा है तो इस बारे नगर परिषद को निर्देश दिए जाएंगे।
बॉक्स
कॉल रिसीव नहीं करते साहिब
नगर परिषद के अधिकारी जनता की शिकायतों के लिए कॉल तक रिसीव नहीं करते हैं। जबकि जनता के प्रति जबावदेह नगर परिषद के प्रतिनिधि का फोन ही बंद है। जिससे जनता को पेश आ रही समस्याओं के समाधान को दिक्कतें पेश आ रही हैं।