केलांग (लाहौल-स्पीति)। मौसम विभाग ने फिर से 10 से 14 फरवरी के बीच हिमाचल में बारिश और बर्फबारी की संभावना जाहिर की है। इसी बीच राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार को एक अधिसूचना के जरिए 11 और 12 फरवरी को जनजातीय क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित उड़ानों को लेकर शेड्यूल जारी किया है। शेड्यूल के मुताबिक 11 जनवरी को हेलीकॉप्टर भुंतर एयरपोर्ट से किलाड़-चंबा के लिए उड़ान भरेगा। दूसरी उड़ान भुंतर-अजोग-चंबा और तीसरी उड़ान भुंतर-किलाड़-भुंतर के बीच होगी। 12 फरवरी को पहली उड़ान भुंतर-स्तींगरी-जिस्पा, दूसरी उड़ान भुंतर-रावा-उदयपुर और तीसरी उड़ान भुंतर-तांदी डाइट के बीच भरी जाएगी। इधर, लाहौल घाटी में करीब एक दर्जन रेफर मरीज हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे हैं। कुल्लू में तैनात उड़ान समिति प्रभारी अशोक कुमार ने उपरोक्त शेड्यूल जारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह सभी उड़ान मौसम के मिजाज पर निर्भर रहेंगी।