कुल्लू/मनाली। जिला कुल्लू में मौसम फिर बदल गया है। कुल्लू और लाहौल में सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। रोहतांग, लाहौल के साथ ऊंची पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी होने की सूचना है।
प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अलर्ट जारी किया है। पर्यटकों व आम लोगों को संवेदनशील इलाकों की ओर न जाने की चेतावनी दी है। हालांकि जिला कुल्लू में अभी भी पिछले हफ्ते हुई भारी बर्फबारी के बाद कई सड़कें बंद हैं। इसमें एनएच 305 बंद के साथ एक दर्जन रूट प्रभावित चल रहे है और लोग मीलों पैदल चलने को विवश है। भारी बर्फबारी होने की संभावना को देखते हुए जिला में करीब दो दर्जन बस रूटों पर बस सेवा बंद है। निगम ने भी बस चालकों को मौसम को भांपकर ही बसों को ले जाने की हिदायत दी है। उधर, लाहौल में लोगों ने बर्फ के फाहों में फागली उत्सव को मनाया है। बर्फ के फाहे गिरने और शीतलहर के बीच लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। एडीएम कुल्लू अक्षय सूद ने कहा कि मौसम विभाग ने सात फरवरी तक भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है। प्रशासन ने भी पूरे जिला में अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन केे साथ कुल्लू के शाढ़ाबाई और मनाली स्थित गृह रक्षा विभाग की दोनों रेस्क्यू टीमों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।