अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मशियार के मिडल स्कूल मझल्ली में 37 विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर है। स्कूल में बच्चों की परीक्षाएं सिर पर हैं। लेकिन स्कूल में एक भी अध्यापक नहीं है। यहां टीजीटी नॉन मेडिकल, कला अध्यापक, शास्त्री, टीजीटी आर्ट्स के पद रिक्त पड़े हुए हैं। स्कूल डेपुटेशन पर आने वाले एक शिक्षक के सहारे चल रहा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बठाहड़ से डेपुटेशन पर एक अध्यापक को विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए भेजा जा रहा है। दो माह से यहां किसी भी अध्यापक की नियुक्ति नहीं हुई है। ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष धनी राम, दरबारी लाल, हेत राम, देवराज, जयवंती, लीला देवी, अभिभावक प्रेम चंद, भाग चंद, टिकम राम ने कहा कि वर्तमान में 37 विद्यार्थी स्कूल में पढ़ रहे हैं। स्कूल में एकमात्र अध्यापक जो बच्चों को पढ़ा रहा था, उसका जेबीटी में चयन हो गया। इसके बाद विभाग ने डेपुटेशन के जुगाड़ से स्कूल चलाया है। आगामी परीक्षाएं सिर पर हैं। ऐसे वे बिना अध्यापकों के बच्चे कैसे परीक्षा की तैयारी कर पाएंगे। बच्चों के भविष्य को देखते हुए कई बार रिक्त पदों को भरने की मांग की गई। लेकिन उनकी समस्या को नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द ही स्कूल में रिक्त पदों को भरा जाए। उधर, इस संबंध में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बठाहड़ की प्रधानाचार्य कमला भारती ने कहा कि स्कूल बठाहड़ कंप्लेक्स के तहत पड़ता है। बठाहड़ से एक-एक दिवस के डेपुटेशन पर अध्यापक भेजा जा रहा है। बठाहड़ में भी डेपुटेशन पर भेजने से पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।